Breaking

'स्वदेशी उत्पादों वाली रही इस बार की दिवाली': कैट छत्तीसगढ़ के समन्वयक अवनीत सिंह बोले- वोकल फॉर लोकल पर फोकस

Chhattisgarh Krishak Pradesh News Desk 22 October 2025 (41)

post

रायपुर, छत्तीसगढ़: कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट-CAIT) छत्तीसगढ़ इकाई ने इस वर्ष भी दीपावली के दूसरे दिन अपने प्रदेश कार्यालय पंडरी बस स्टैंड, रायपुर में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया।

मीडिया से बातचीत करते हुए, कैट छत्तीसगढ़ के प्रदेश समन्वयक एवं युवा प्रभारी अवनीत सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम में रायपुर और प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। सबने मिलकर एक-दूसरे को दीपावली की बधाई और शुभकामनाएँ दीं और उमंग तथा उत्साह के साथ इस समारोह को मनाया।

सिंह ने इस वर्ष के व्यापार पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीएसटी रिफॉर्म के बाद यह पहली दिवाली थी, जो व्यापार और ग्राहकों दोनों के लिए बेहतर अवसर लेकर आई। उन्होंने कहा, "बहुत सारी चीजें सस्ती हुई हैं। ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल और सराफा (ज्वेलरी) क्षेत्र में बहुत अच्छा मार्केट रहा। इस साल लोगों ने खूब खरीदारी की। जीएसटी रिफॉर्म का सीधा-सीधा लाभ देश के लोगों को मिला है। कुल मिलाकर इस बार अच्छी दीपावली मनी।"

उन्होंने जोर देकर कहा कि इस दीपावली में लोगों ने स्वदेशी उत्पादों को हाथों हाथ लिया। अवनीत सिंह ने कहा कि कैट स्वदेशी उत्पादों को लेकर लगातार अभियान चला रहा है और इस बार "वोकल फॉर लोकल" पर विशेष फोकस रहा। उन्होंने आगे बताया, "'आया त्यौहार, चलो बाजार' अभियान को हमने जन-जन तक पहुंचाया और लगातार इस अभियान को चलाते रहे हैं। निश्चित रूप से व्यापारी और आम जनता को इसका लाभ मिला है।"

इस समारोह में छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष अमर परवानी, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे और कैट छत्तीसगढ़ के पदाधिकारी, सदस्य तथा अन्य व्यापारीगण मौजूद रहे।

You might also like!