Breaking

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान मोंथा के प्रभाव से बस्तर से चलने वाली सभी यात्री ट्रेनें निरस्‍त

Chhattisgarh Krishak Pradesh News Desk 28 October 2025 (45)

post

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान मोंथा के प्रभाव से पड़ोसी राज्य ओड़िशा और आंध्र प्रदेश में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए बस्तर से चलने वाली सभी यात्री ट्रेनें रद कर दी गई हैं या फिर उनके परिचालन की दूरी कम कर दी गई है। पूर्वी तट रेल जोन भुवनेश्वर के अंतर्गत छूटने और गुजरने वाली 43 यात्री ट्रेनों को निरस्‍त किया गया है।

इनमें बस्तर से चलने वाली सभी पांच ट्रेनें शामिल हैं। मंगलवार को जगदलपुर आने वाली हावड़ा-जगदलपुर समलेश्वरी एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-जगदलपुर हीराखंड और राउरकेला-जगदलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस को यहां से 286 किलोमीटर दूर ओड़िशा के रायगढ़ा जंक्शन में रोककर वहीं से तीनों गाड़ियां वापस गंतव्य के लिए रवाना कर दी गई।

विशाखापत्तनम-किरंदुल के बीच संचालित नाइट एक्सप्रेस और पैसेंजर दोनों गाड़ियां सोमवार से ही दो दिनों के लिए निरस्‍त की जा चुकी हैं। मोंथा तूफान के मंगलवार देर शाम रात तक आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र से टकराने की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है।

इसके कारण भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए बुधवार का भी यात्री ट्रेनों की आवाजाही रोकी जा सकती है। ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होने से यात्री परेशान हैं जिन्होंने पहले से रिजर्वेशन करा लिया था। मंगलवार को कुछ यात्री ट्रेनों की जानकारी के लिए स्टेशन पहुंचे थे। गुरुवार से यात्री ट्रेनों की आवाजाही सामान्य होने की संभावना है।

तूफान के प्रभाव से दोपहर से आंध्र प्रदेश के अरकू क्षेत्र में हो रही भारी बारिश से किरंदुल कोट्टावालसा रेललाइन प्रभावित हुई है। अरकू रेलखंड के चिमडिपल्ली और बोरागुहालु स्टेशन के बीच भू स्खलन से पटरी को नुकसान पहुंचा है। पहाड़ से मलबा पटरी पर आ गया है। इस रेल लाइन में सोमवार से ही आवागमन बंद कर दिया गया है

इंटरसिटी अगले दो माह में सात दिन नहीं आएगी

मोंथा के कारण बस्तर में रेल यात्री सेवा प्रभावित है वहीं दक्षिण-पूर्व रेलवे के अंतर्गत चक्रधरपुर रेलमंडल में रेललाइन के उन्नयन के लिए मेगा ब्लाक लेने के कारण नवंबर और दिसंबर में सात दिन राउरकेला-जगदलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस रद रहेगी। नवंबर में चार, 11, 18 और 25 तारीख तो तथा दिसंबर माह में दो, नौ और 16 तारीख को यह गाड़ी राउरकेला में ही निरस्‍त रहेगी।

You might also like!